मंडला जिले के रामनगर में स्कूली विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण सह जागरूकता शिविर अनुभूति का आयोजन किया गया। जिसमें जवाहर नवोदय विद्यालय पदमी, शासकीय हाई स्कूल खड़देवरा, नवीन हाई स्कूल मधुपुरी के विद्यार्थी एवं शिक्षक सम्मिलित हुए। जिन्होनें विभिन्न रोचक कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण और प्रकृृति की अनुभूति की। यह अनुभूति कार्यक्रम पूर्व सामान्य वन मंडल मंडला के परिक्षेत्र जगमंडल में इको पर्यटन विकास बोर्ड के तत्वाधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय पदमी से, शासकीय हाई स्कूल खड़देवरा, नवीन हाई स्कूल मधुपुरी से कुल 125 छात्र-छात्राएं व 7 शिक्षक-शिक्षिका सम्मिलित हुए। छात्र-छात्राओं को सर्वप्रथम प्रकृृति पथ पर वन भ्रमण कराते हुए वन, वन्य प्राणियों, वनोपज एवं वन विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों के संबंध बताया गया। जंगल की सैर के दौरान परिक्षेत्र अधिकारी जगमंडल लतिका तिवारी उपाध्याय ने विद्यार्थियों से प्रकृृति, पर्यावरण से संबंधित रोचक पहेलियां एवं प्रश्नोत्तर पूछे। सही जवाब देने वाले बच्चों को चॉकलेट देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यार्थियों को जंगल में दीमक और चींटी की बांबी अर्थात बमीठा, मधुमक्खियों के छत्ते और मकड़ियों के द्वारा जाल निर्माण की प्रक्रिया के बारे में एवं विभिन्न वृक्ष प्रजातियों के उपयोग और औषधीय गुणों के बारे मे बताया। बच्चों ने वृक्षों को गले लगाकर अपना मित्र बनाया, बच्चों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने और उनकी सुरक्षा के लिए प्रेरित किया गया। नमामि देवी नर्मदे पौधरोपण में बच्चों ने वृक्षों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। दोना-पत्तल में सभी ने भोजन किया।
भोजन के साथ बच्चों ने कोदो की खीर, गाजर के हलवे और आंवला केंडी का भी स्वाद लिया। इसके बाद बच्चों को विभिन्न वृक्ष प्रजातियों, वन्य जीवों की शारीरिक विशेषताओं, प्रवृतियों एवं व्यवहार, आवास, भोजन, शिकार के तरीकें आदि से अवगत कराया। तत्पश्चात क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सेवानिवृत्त शिक्षक रोहिणी प्रसाद शुक्ला ने वन गीतों के माध्यम से बच्चों को प्रकृृति के संरक्षण व पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि पारुल पाण्डे जनपद सदस्य, श्रवण कुमार परते जनपद सदस्य चौगान, अनुभूति प्रेरक के रूप में शिवम शुक्ला उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।