नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर 'भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड तोडऩे' का आरोप लगाया और दावा किया कि अगर 'लाल डायरी' के रहस्य से पर्दा उठा तो कई नेताओं का राजनीतिक अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। इससे एक दिन पहले राजस्थान के पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक राजेंद्र गुढ़ा ने दावा किया था कि उन्होंने पार्टी नेता धर्मेंद्र राठौर के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर विभाग के छापे के बाद उनके निर्देश पर एक 'लाल डायरी' हासिल करके मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को परेशानी से बचाया था। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राष्ट्रीय राजधानी में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उस लाल डायरी में ऐसा क्या है जो पूरी सरकार में 'घबराहट' है।
राजस्थान का हर व्यक्ति इसका रहस्य जानना चाहता है। उन्होंने दावा किया कि अगर गुढ़ा द्वारा उजागर की गई डायरी की सामग्री सामने आ गई तो कई नेताओं का राजनीतिक वजूद खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार खनन, भर्ती और परीक्षा जैसे विभिन्न घोटालों से संबंधित डायरियों से भरी हुई है। सैनिक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार), होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा, पंचायती राज और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभालने वाले गुढ़ा को शुक्रवार शाम को गहलोत ने बर्खास्त कर दिया था। गुढ़ा इसके बाद ही गहलोत पर निशाना साध रहे हैं। गुढ़ा ने सोमवार को जयपुर में राजस्थान विधानसभा में एक लाल डायरी लहराते हुए हंगामा किया था।