सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने बृहस्पतिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। टेकाम के मुताबिक उनसे इस्तीफा मांगा गया है और उन्होंने प्रक्रिया का पालन किया है। टेकाम ने आज यहां संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि मंत्रिमंडल में किसी को रखना और किसी को नहीं रखना यह मुख्यमंत्री के विवेकाधिकार पर निर्भर करता है। मुझे कहा गया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का निर्देश है कि आपको इस्तीफा देना है। मैने प्रक्रिया का पालन किया है। उन्होंने कहा कि संगठन और मंत्रिमंडल में फेरबदल चलते रहता है। यह संगठन और पार्टी की प्रक्रिया है। चुनाव में काम करना है। पार्टी का जो निर्देश होगा उसमें काम करना है। जब उनसे पूछा गया कि पार्टी इस बार उनकी टिकट भी काट सकती है तब उन्होंने कहा कि किसे टिकट मिलेगा, किसका कटेगा यह अलग बात है, लेकिन पार्टी हित में काम करना है। टेकाम के इस्तीफे को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है, उन्होंने (इस्तीफा) दिया है। राज्यपाल को भेज दिया गया है।