जयपुर : राजस्थान में कांग्रेस के संगठन प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बुधवार को कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनकी पार्टी नेता राहुल गांधी की आवाज को दबाने की कोशिश की और हिमाचल प्रदेश एवं कर्नाटक विधानसभा चुनावों में हार गयी। कांग्रेस नेता ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भी यही होगा। कांग्रेस ने राहुल गांधी के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिये बुधवार को यहां शहीद स्मारक पर एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय 'मौन सत्याग्रह' किया। इसमें भाग लेने के लिए पहुंचे रंधावा ने संवाददाताओं से कहा कि ये (केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा) राहुल गांधी का संसद में तो बोलना बंद कर सकते हैं पर उनके कार्यकर्ता, कांग्रेस के नेता और हिंदुस्तान के लोग कभी इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। रंधावा ने आगे कहा कि आपने देख लिया कि हिमाचल प्रदेश एवं कर्नाटक (विधानसभा चुनाव) में, राहुल की आवाज का दबाने का परिणाम उन लोगों ने दे दिया, और जो आगे चुनाव आ रहे हैं वहां भी वही परिणाम मिलेगा जो इन दोनों राज्यों में मिला । संसद में भी हम जीत कर आएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा हमारी आवाज को दबाना चाहती है, लेकिन हमारी आवाज कभी नहीं दबेगी और देश के लिए हमेशा उठती रहेगी। पार्टी के मौन सत्याग्रह में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, पार्टी राजस्थान सह प्रभारी वीरेंद्र राठौड़, अमृता धवन तथा काजी निजामुद्दीन और मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, सुभाष गर्ग तथा शाले मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राहुल गांधी की आवाज दबाए जाने को बर्दाश्त नहीं करेंगे देश के लोग : रंधावा