बड़वानी(मप्र) : कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 18 साल के शासन में राज्य अपराध प्रदेश बन गया है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। कमलनाथ ने आदिवासी बहुल बड़वानी जिले में संवाददाताओं से कहा कि मध्य प्रदेश एक घोटाले और अपराध प्रदेश में तब्दील हो गया है। ये मेरे (अपराध से संबंधित) आंकड़े नहीं हैं, बल्कि इंटरनेट पर मौजूद हैं।
वर्तमान शासन काल में सबसे अधिक अपराध हुए हैं। मुख्यमंत्री अपनी 18 साल पुरानी सरकार का रिकॉर्ड देने में असमर्थ हैं। कमलनाथ ने राज्य सरकार की 'लाडली बहना योजना' और कुछ अन्य 'लोकलुभावन' घोषणाओं पर कटाक्ष किया और कहा कि अब 18 साल बाद और चुनाव से सिर्फ पांच महीने पहले वह (चौहान) लोगों का ध्यान सच्चाई से हटाने के लिए बहनों, कर्मचारियों, संविदा कर्मचारियों और किसानों को याद करने लगे हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) को यह ध्यान रखना चाहिए कि 2018 में उन्हें विधानसभा चुनाव से पहले सिर्फ पांच महीने (तैयारी के लिए) मिले थे जबकि अब उन्हें काम करने (2023 के चुनाव जीतने के लिए) के लिए पर्याप्त समय मिला है। उन्होंने कहा कि पिछली बार कमलनाथ का 2018 मॉडल था लेकिन इस बार यह कमलनाथ का 2023 मॉडल है।