अमेठी : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर के भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन की अटकलों के बीच कहा कि राजभर कहीं भी रहें, पर ‘हमारे मित्र हैं, हमारे साथ हैं।’ अमेठी के एक दिवसीय दौरे पर आये पाठक से पत्रकारों ने जब यह पूछा कि क्या 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले राजभर का भाजपा से गठबंधन होगा, तो उन्होंने कहा कि यह तो समय ही बताएगा लेकिन ‘राजभर हमारे मित्र हैं। वह कहीं भी रहें, लेकिन लंबे समय से हमारे साथ हैं , हमारी मित्र मंडली में हैं।’
गौरतलब है कि सुभासपा प्रमुख ने 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से गठबंधन कर चुनाव लड़ा और उनके समेत पार्टी के चार विधायक जीते। राजभर को योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया, लेकिन डेढ़ साल के भीतर ही सरकार से उनके मतभेद सामने आये और उनका गठबंधन टूट गया। बाद में , राजभर ने 2022 का विधानसभा चुनाव सपा के साथ मिलकर लड़ा और उनकी पार्टी ने छह सीट पर जीत हासिल की। हालांकि कुछ महीनों बाद ही सपा से भी उनका तालमेल खराब हो गया।
अब भाजपा से फिर उनकी नजदीकी बढ़ रही है। वह सोमवार को विधानपरिषद के चुनाव में उपमुख्यमंत्री के साथ ही मतदान करने जाते दिखे। इसके बाद एक बार फिर से उनके भाजपा से 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर गठबंधन करने की अटकलें तेज हो गयी हैं।