लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ साल के कार्यकाल में जहां एक तरफ दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है, वहीं देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा सुदृढ़ हुई है, आज भारत को कोई आंख दिखाने की हिमाकत नहीं कर सकता। सोमवार को यहां एक होटल में मोदी सरकार के कार्यकाल के नौ साल पूरे होने पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘मीडिया संवाद’ में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के शासन में वैश्विक स्तर पर भारत का मान बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि गरीबों का कल्याण और अवसंरचना विकास जैसे चार स्तंभों को मोदी सरकार ने बीते नौ साल में मजबूत आधार प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ साल में बदली हुई परिस्थितियों को हम सब ने न केवल महसूस किया है बल्कि हमने इस दौरान नये भारत का दर्शन भी किया है, आज का भारत चार महत्वपूर्ण स्तंभों पर खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने पहले स्तंभ की चर्चा करते हुए कहा कि आज भारत को दुनियाभर मे सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री ने तीन देशों की यात्रा की, उसका दृश्य हम सबके सामने है। पापुआ न्यू गिनी में पीएम मोदी का वहां के प्रधानमंत्री ने पैर छूकर अभिनंदन किया। प्रोटोकॉल तोड़ के देर सायंकाल स्वयं आगवानी की। यह पहली बार हुआ है जब किसी संप्रभु राष्ट्र ने अपने समकक्ष का अभिनंदन इस प्रकार किया हो।
योगी ने कहा कि पापुआ न्यू गिनी और फिजी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री का वक्तव्य भी हम सबने सुना, जिसमें उन्होंने मोदी को ‘बॉस’ कह कर संबोधित किया था। उन्होंने कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति की ओर से पीएम मोदी का ऑटोग्राफ लेने की इच्छा व्यक्त करना, न सिर्फ भारत बल्कि देश की 140 करोड़ जनता का सम्मान है।
हर भारतवासी इसपर गर्व करता है। दूसरे स्तंभ की चर्चा करते हुए योगी ने कहा कि सुरक्षा के मामले में देश में ‘नई आस और विश्वास का भाव पैदा हुआ। सीमाएं सुरक्षित और सुदृढ़ हुई हैं और आंतरिक सुरक्षा की स्थिति मजबूत हुई है’। मोदी सरकार की उपलब्धियों के तीसरे स्तंभ की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज भारत की 140 करोड़ जनता की आवश्यक्ता की पूर्ति के लिए विश्व स्तरीय अवसंरचना भारत के पास है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘गरीब कल्याण’ चौथा स्तंभ है, जिसे नौ साल में भारत सरकार ने अनेक योजनाओं के जरिए सिद्ध किया है।
योगी ने पीएम आवास योजना, शौचालयों के निर्माण, संक्रामक रोग पर अंकुश, हर घर नल योजना, स्वस्थ ईंधन की व्यवस्था, स्ट्रीट वेंडर को स्वनिधि योजना, पीएम स्वामित्व योजना, आयुष्मान भारत योजना, नारी सशक्तिकरण, मिशन रोजगार, स्टार्टअप, स्टैंडअप, डिजिलट इंडिया, स्किल डेवलपमेंट जैसे तमाम विकास और लोककल्याणकारी कार्यों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ साल के कार्यकाल की उपलब्धियों की चर्चा की।