कीव : परमाणु ऊर्जा के इस्तेमाल पर नजर रखने वाली संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी के प्रमुख ने कहा है कि यूक्रेन के जापोरिझिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में बाह्य विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाने के बाद सोमवार को फिर से आपातकालीन डीजल जनरेटर का इस्तेमाल करना पड़ा। यह संयंत्र यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु ऊर्जा स्टेशन है। यूक्रेन पर रूस के हमला करने के बाद से इस संयंत्र में सातवीं बार बाह्य विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के प्रमुख राफेल ग्रोसी ने ट्वीट किया, ‘संयंत्र में परमाणु सुरक्षा की स्थिति बहुत कमजोर है।’ ग्रोसी ने यूक्रेनी और रूसी बलों के बीच जारी लड़ाई से इस क्षेत्र को दूर रखने की फिर से अपील करते हुए कहा कि हमें संयंत्र की रक्षा करने पर सहमत होना चाहिए और यह स्थिति बरकरार नहीं रखी जा सकती। संयंत्र के छह परमाणु रिएक्टर को गोलाबारी या रॉकेट हमले के प्रभाव से बचाने के लिए अवरोधक लगाए गए हैं।