कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनने जा रहे कांग्रेस नेता सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगी और उनकी जगह पार्टी नेता काकोली घोष दस्तीदार इस कार्यक्रम में भाग लेंगी। बनर्जी को बेंगलुरु में 20 मई को आयोजित होने वाले इस समारोह के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुग खडग़े ने आमंत्रित किया था।
तृणमूल के नेता एवं राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ ब्रायन ने ट्वीट किया, ‘कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनने वाले सिद्धारमैया और उनके अन्य साथियों ने तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया। उन्होंने (ममता ने) अपनी शुभकामनाएं दीं और लोकसभा में तृणमूल की उपनेता कोकिला घोष दस्तीदार से इस समारोह में शामिल होने को कहा।
बनर्जी ने हाल में कहा था कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी कांग्रेस को उन जगहों पर समर्थन देगी, जहां वह मजबूत स्थिति में है। सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण समारोह में उनकी मौजूदगी को विपक्षी दलों की एकता के लिए अहम माना जा रहा था। बनर्जी ने हाल में कहा था, ‘‘कांग्रेस जहां कहीं भी मजबूत है, वहां उसे लडऩे दीजिए। हम उसे समर्थन देंगे, इसमें कुछ गलत नहीं है, लेकिन उसे भी अन्य राजनीतिक दलों को समर्थन देना होगा।