पटना :  राष्ट्रीय लोक जनता दल के सुप्रीम उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर एक बार फिर जुबानी हमला किया है। कुशवाहा ने कहा है कि सीएम नशे में चूर हैं। लेकिन, उन्हें पता नहीं है कि उनकी कुर्सी मद्य निषेध विभाग के ड्रोन की तरह लापता हो सकती है। उपेंद्र कुशवाहा ने मुख्यमंत्री पर गरीबों पर जुल्म करने का आरोप लगाया है। शराबबंदी को लेकर नीतीश कुमार  पर कई नेता हमलावर हैं।  उन नेताओं का आरोप है कि बिहार में शराबबंदी को लागू कराने में मुख्यमंत्री विफल रहे  शराब तो बंद नहीं हुआ, लेकिन माफिया का  सरकार के समानांतर शराब कारोबार का तंत्र विकसित हो गया।

नए-नए अपराधी पैदा हो गए। सरकार के खाते में राजस्व का आना बंद हो गया क्योंकि अब हम होम डिलीवरी शराब मिल रही है। उपेंद्र कुशवाहा ने शराबबंदी को लेकर नीतीश कुमार पर प्रहार किया है। खासकर मद्य निषेध विभाग का ड्रोन लापता हो जाने की खबरों को लेकर उन्होंने तंज कसा है।

ट्विटर पर अपने संदेश में उपेंद्र कुशवाहा ने लिखा है कि शराब खोजने के चक्कर में पुलिस और अन्य एजेंसियों का करोड़ों का बजट लापता होते जा रहा है। बस लापता नहीं हो रही है तो आप की जिद और शराब तथा शराबबंदी के नाम पर गरीबों पर चल रही बर्बरता। कुशवाहा ने कहा है कि सावधान हो जाइए सर। वरना जो शराब है ना वो आपकी कुर्सी को लापता किए बिना नहीं मानेगी क्योंकि, शराब के नशे से बड़ा नशा है गरीबों पर जुल्म करने की जिद। दरअसल उत्पाद विभाग का खोजी ड्रोन लापता हो गया है। इसकी कीमत 60 लाख है। पटना से निकला ड्रोन छपरा में लापता हो गया।

इसका कोई ट्रेस नहीं मिल रहा है। 4 मई को उत्पाद विभाग का ड्रोन पटना से निकला था। उसका आखिरी ट्रेस छपरा के तेलपा दियारा इलाके में मिला। उसके बाद से इसका कोई अता पता नहीं है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने मामले को दबाए रखा। खोजने में सफलता नहीं मिलने पर शनिवार को इसे सार्वजनिक  किया गया।  यह हवाई जहाज जैसा दिखता है।