बेंगलुरु/ नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद बुधवार को प्रदेश के मतदाताओं का आभार जताया और ‘शानदार और जनोन्मुखी’ प्रचार अभियान के लिए अपनी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की सराहना की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मैं शानदार और जनोन्मुखी प्रचार अभियान के लिए कांग्रेस के ‘बब्बर शेर’ कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार व्यक्त करता हूं।

प्रगतिशील भविष्य के लिए इतनी बड़ी संख्या में बाहर आने के लिए कर्नाटक की जनता का धन्यवाद।’ कर्नाटक विधानसभा की सभी 224 सीटों के लिए हुआ मतदान बुधवार शाम छह बजे समाप्त हो गया और पांच बजे तक करीब 65.69 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। कांग्रेस ने राज्य में पार्टी के सत्ता में आने पर पांच गारंटी को लागू करने का वादा किया है। इनमें सभी घरों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की (गृह ज्योति) योजना, हर परिवार की महिला मुखिया को 2,000 रुपये मासिक सहायता देने की (गृह लक्ष्मी) योजना, बीपीएल परिवार के प्रत्येक सदस्य को 10 किलो चावल मुफ्त देने की (अन्ना भाग्य) योजना आदि शामिल हैं।