कलबुर्गी : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सोमवार को यहां मतदाताओं से समर्थन की भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता इस बात पर गर्व कर सकती है कि राज्य के ‘भूमि पुत्र’ के रूप में वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के एक उम्मीदवार द्वारा उन्हें जान से मारने की कथित तौर पर धमकी दिए जाने का हवाला देते हुए कहा कि वह 81 वर्ष के हो चुके हैं और अगर कोई उन्हें मारना चाहता है तो मार सकता है, लेकिन वह अपनी अंतिम सांस तक गरीबों के लिए लड़ाई जारी रखेंगे और उनके हितों की रक्षा का प्रयास करते रहेंगे। कांग्रेस ने हाल ही में एक ऑडियो क्लिप जारी कर आरोप लगाया था कि कलबुर्गी जिले के चित्तापुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार मणिकांत राठौड़ ने खडग़े और उनके परिवार की हत्या करने की धमकी दी है।

आडियो में राठौड को कन्नड़ में यह कहते हुए सुना जा रहा है कि वह ‘खडग़े, उनकी पत्नी और बच्चों’ का सफाया कर देंगे। राठौड़ ने इस आरोप को खारिज कर दिया था।  खडग़े ने यहां चुनावी सभा में कहा कि ऐसा लगता है कि भाजपा नेताओं के दिमाग में यह बात आ गई है कि वो मुझे खत्म कर दें। अगर ऐसा नहीं है तो फिर यह कहने की हिम्मत कैसे हो गई कि वह खरगे और परिवार को मारना चाहता है?’ कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अगर मणिकांत राठौड ने उन्हें मारने की धमकी दी है तो उसके पीछे भाजपा का कोई नेता है। उन्होंने कहा कि मेरे पास बाबासाहेब का संविधान है जो मेरी रक्षा करेगा। कलबुर्गी और कर्नाटक के लोग मेरे पीछे हैं।