पटना : बागेशवर धाम के बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 13 मई को पटना आ रहे हैं। पटना जिले के ही नौबतपुर में 17 मई तक उनका प्रवचन कार्यक्रम रखा गया है। आयोजकों ने शास्त्री का कार्यक्रम गांधी मैदान में आयोजित करना चाहा था, लेकिन सरकार ने इजाजत नहीं दी। कार्यक्रम को लेकर समर्थन और विरोध की बिहार में जंग छिड़ गई है। बीजेपी और उसके सहयोगी दल तो बाबा के समर्थन में पहले से ही हैं, इसलिए कि शास्त्री कट्टर हिन्दुत्व की बात कहते हैं।

आरजेडी के नेता और मंत्री लालू यादव के लाल तेज प्रताप यादव ने तो शास्त्री के खिलाफ मोर्चा ही खोल दिया है। हालांकि आरजेडी के कई नेता यह भी कहते हैं कि शास्त्री ही क्यों, कोई भी बिहार आ सकता है और कहीं जा सकता है।  धीरेंद्र शास्त्री हिन्दू-मुसलमान के बीच भेद की बात न करें, इसकी निगरानी के लिए लालू के बड़े बेटे और बिहार के मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपने समर्थकों की एक ब्रिगेड ही बना ली है।

आरजेडी कोटे के एक दबंग मंत्री हैं सुरेंद्र यादव। उनका कहना है कि धीरेंद्र शास्त्री तो भूत-प्रेत भगाते हैं। औरतें उनके पास भूत-प्रेत भगाने के लिए जाती हैं। हमेशा अपने बेढंगे बयानों से चर्चा में रहने वाले शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने भी अपने अंदाज में धीरेंद्र शास्त्री का विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि प्रजातंत्र में किसी को भी कहीं आने-जाने पर रोक नहीं है, लेकिन छद्म हिन्दुत्व और राष्ट्रवाद की आड़ में बिहार में कोई गड़बड़ करना चाहे, वह बरदाश्त से बाहर की बात होगी।