फलों का राजा यानी की आम गर्मी के मौसम की सबसे बेहतरीन चीज होती है। घरों में जहां जार भर-भरकर कच्चे आम के मुरब्बे और आचार लगते हैं, वहीं पके आम का शेक और स्लाइस खाने में खूब पसंद किया जाता है। पके आम के स्वाद का क्रेज हर उम्र के लोगों में होता है। शायद ही कोई ऐसा हो जिसे पका आम बिल्कुल भी पसंद न हो। पके आम की इतनी लोकप्रियता का कारण इसका नेचुरल और फ्रेश मीठा स्वाद है। लेकिन इस तरह के आम बाजार में मिलना आज के समय में बहुत मुश्किल है। ज्यादा कमाई के चक्कर में आम की खेती करने वाले किसान अब फलों को दवा से समय से पहले ही पका देते हैं। जिसका असर इसकी स्वाद पर भी पड़ता है। लेकिन फिर भी कुछ तरीके हैं, जिससे आप बाजार से मीठे और पके आम खरीद सकते हैं। यहां हम आपको ऐसे ही कुछ ट्रिक्स के बारे में बता रहे हैं, जिससे आप पूरे गर्मी भर मीठे आम खा सकते हैं।
डंठल के आसपास चेक करें ये चीज : आम को खरीदते समय उसके डंठल वाले हिस्से को अच्छी तरह से चेक करना बहुत जरूरी होता है। यदि डंठल के आसपास दबाव है, और बाकी का हिस्सा उभरा हुआ और सॉफ्ट है, तो यह पूरी तरह से पका हुआ और फ्रेश मीठा आम है।
आम को दबाकर चेक करें : इस ट्रिक को ज्यादातर लोग ठीक से समझ नहीं पाते हैं, और आम को दबाकर लेने के बाद भी खराब फल खरीद ले आते हैं। ऐसे में यदि आप पके आम खरीद रहे हैं, तो इसे दबाते समय ध्यान रखें कि यह न तो ज्यादा टाइट होना चाहिए और नहीं ज्यादा पीलपीला। हमेशा सॉफ्ट आम का चुनाव करें।
सूंघकर देखें : फल के दूकान पर खड़े होकर आम को चुन-चुनकर सूंघना आपको थोड़ा अजीब लग सकता है। लेकिन पके और मीठे आम को पहचानने की यह टैक्निक सालों पुरानी है, और इसके परिणाम भी काफी चौंकाने वाले होते हैं। दरअसल, आम को खरीदने से पहले इसलिए सूंघने की सलाह दी जाती है, क्योंकि नेचुरल तरह से पके और मीठे फल से आने वाली गंध बहुत फ्रेश होती है।