डांस एक ऐसी कला है, जिसका असर हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। कई लोगों को डांस करना बेहद पसंद होता है। कुछ लोग जहां इसे शौक के तौर पर करना पसंद करते हैं, तो वहीं कुछ लोग इसे वर्कआउट के तौर पर करना पसंद करते हैं। अगर आप भी उन लोगों में से एक हैं, जो डांस करना पसंद करते हैं, तो आज हम आपको बताएंगे डांस से होने वाले कुछ गजब के फायदों के बारे में-

दिल को रखे सेहतमंद : शौक के लिए किया जाने वाला डांस आपके दिल की सेहत के लिए भी काफी गुणकारी होता है। नियमित रूप से डांस करने से आपके दिल की सेहत बेहतर होती है और शरीर को मजबूती भी मिलती है। साथ ही इससे संतुलन और कोऑर्डिनेशन बनाए रखने में भी मदद मिलती है। डांस एक तरह का फुल बॉडी वर्कआउट है, जिससे शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक विकास भी बेहतर होता है।

अनिद्रा से दिलाए राहत : अगर आप भी उन लोगों में शामिल हैं, जो अक्सर नींद की कमी की वजह से परेशान रहते हैं, तो डांस इसमें आपके लिए मददगार होगा। नियमित रूप से डांस करने से शरीर की अच्छी-खासी कसरत हो जाती है, जिससे थकावट महसूस होती है। थकान की वजह से आपको अच्छी नींद आती है। 

वजन कम करे : इन दिनों बिगड़ती लाइफस्टाइल की वजह से लोग मोटापे का शिकार होते जा रहे हैं। ऐसे में अगर आप भी अपने बढ़े हुए वजन की वजह से परेशान हैं, तो इसके लिए भी डांस आपके लिए उपयोगी साबित होगा। डांस एक तरह का वर्कआउट है, जिसे करने से आप तेजी से अपनी कैलोरी घटा सकते हैं, जिससे आपका वजन आसानी से कम हो सकता है।

शरीर को फुर्तीला और लचीला बनाए : अगर आप उन लोगों में से हैं, जो जल्दी ही थकावट महसूस करने लगते हैं, तो डांस की मदद से आप खुद को फुर्तीला बना सकते हैं। डांस न सिर्फ आपका स्टैमिना बढ़ाने में मददगार है, बल्कि इससे जोड़ों के दर्द की समस्या से भी छुटकारा मिलता है। इसके अलावा रोजाना डांस करने से आपका शरीर लचीला भी बनता है।