भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को कहा कि संकटग्रस्त सूडान में फंसे कई भारतीयों सहित मध्य प्रदेश के सात लोग सुरक्षित भारत पहुंच गए हैं। चौहान ने अफ्रीकी राष्ट्र से मध्य प्रदेश के सात व्यक्तियों सहित अन्य भारतीयों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया और टिप्पणी की, मोदी है तो मुमकिन है।'

भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन कावेरी के तहत सूडान से निकाले जाने के बाद बुधवार रात 360 भारतीयों का पहला जत्था सऊदी अरब से दिल्ली हवाईअड्डे पहुंचा। चौहान ने कहा कि इससे पहले भी जब रूस-यूक्रेन संघर्ष के कारण हमारे बच्चे यूक्रेन में फंसे हुए थे, हमारे प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के राष्ट्रपतियों से बात की थी ताकि वहां से छात्रों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की जा सके।'

उन्होंने कहा कि इसी तरह, जब हमारे लोग संकटग्रस्त सूडान में फंसे, तो वह मध्य प्रदेश के सात लोगों के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए प्रयास कर रहे थे। और वह लोग सुरक्षित रूप से दिल्ली पहुंचे हैं, जिसके लिए हम प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) और विदेश मंत्री (एस जयशंकर) के आभारी हैं।' उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि हिंसा प्रभावित सूडान में बाकी फंसे हुए लोगों को भी सुरक्षित निकाल लिया जाएगा।