नई दिल्ली : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम. वीरप्पा मोइली ने कर्नाटक में बदलाव की हवा चलने का दावा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में कम से कम 130 सीट मिलेंगी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए दक्षिण भारत में प्रवेश के द्वार ‘पूरी तरह से बंद’ हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि कर्नाटक ने केंद्र में सरकार के गठन में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और राज्य के आगामी विधानसभा चुनावों में जीत 2024 में कांग्रेस के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करेगी। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री मोइली ने एक साक्षात्कार में दावा किया कि कांग्रेस को 224 सदस्यीय विधानसभा में 130 से कम सीट नहीं मिलेंगी, जबकि भाजपा 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनावों में 60 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी।
उन्होंने जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) पर भाजपा के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया और कहा कि लोग पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के नेतृत्व वाले संगठन की अवसरवाद की राजनीति को खारिज कर देंगे। मोइली ने कहा कि बदलाव की हवा कांग्रेस के पक्ष में बह रही है। भाजपा की हालत खराब है। भाजपा कार्यकर्ताओं में कोई एकता नहीं है और टिकट न मिलने से नाराज उसके कई नेता पार्टी छोड़कर कांग्रेस या किसी अन्य दल में जगह ढूंढ़ रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कर्नाटक में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के नेतृत्व वाली सरकार पर पूरी तरह से विफल रहने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि राज्य में भ्रष्टाचार बड़े पैमाने पर हो रहा है।