रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी को ''राजनीति से प्रेरित" करार दिया है। भूपेश बघेल ने रविवार को आरोप लगाते हुए कहा कि चूंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनकी सरकार को गिराने का कोई प्रयास भी नहीं कर सकी, इसलिए अब केंद्रीय एजेंसी के दुरुपयोग के जरिए वह इसे अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। बघेल ने कहा कि पिछले एक महीने में छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर छापे मारने के बावजूद ईडी ने अभी तक इस बारे में कुछ भी खुलासा नहीं किया है कि उसने अपनी कार्रवाई से क्या बरामद किया है।
मुख्यमंत्री ने यहां पुलिस लाइंस में हेलीपैड पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यह बात कही। हाल ही में राज्य में शराब कारोबारियों और अन्य लोगों पर ईडी के छापे के बारे में पूछे जाने पर बघेल ने कहा कि पिछले एक महीने में देश में सबसे ज्यादा छापेमारी छत्तीसगढ़ में हुई है। चूंकि, कांग्रेस का पूर्ण अधिवेशन रायपुर में हुआ था, इसलिए केंद्रीय एजेंसी द्वारा 50 से अधिक स्थानों की तलाशी ली गई थी। लेकिन, इन कार्रवाइयों के दौरान बरामद धनराशि के बारे में कोई जानकारी नहीं है। ईडी ने यह खुलासा नहीं किया है कि इनके पास से क्या बरामद किया है।