जम्मू : जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को कहा कि बीते कुछ समय में घाटी की सुरक्षा स्थिति में काफी सुधार हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप पिछले साल अभूतपूर्व संख्या में पर्यटकों ने केंद्र शासित प्रदेश का दौरा किया। उपराज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए 70,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। मनोज सिन्हा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में काफी सुधार हुआ है।

इसके अच्छे परिणाम मिले हैं क्योंकि बीते वर्ष करीब 1.88 करोड़ पर्यटकों ने जम्मू-कश्मीर का दौरा किया, जो एक अभूतपूर्व आंकड़ा है। उन्होंने कहा कि देर रात तक लोग शिकारा सवारी का लुत्फ उठा रहे हैं। वे रेस्तरां और होटलों में रात्रिभोज कर रहे हैं। सिनेमाघर सुचारू रूप से चल रहे हैं। कश्मीर में रात की बस सेवा शुरू हो गई है।

मुझे लगता है कि यह 30 साल बाद शुरू हुआ है। स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय सुचारू रूप से चल रहे हैं। दुकानें खुली रहती हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लिए एक लाख करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी प्रदान की गई है। मनोज सिन्हा ने कहा कि यह अमृतकाल का पहला बजट है। यह तीसरी बार है जब जम्मू-कश्मीर का बजट विकास सुनिश्चित करने के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। यह बजट अमृतकाल में विकास यात्रा को गति देगा। हम पिछले तीन वर्षों के दौरान नए जम्मू-कश्मीर के सपनों को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं।