भोपाल : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कहा कि इस साल के अंत में मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को 200 पार के लक्ष्य को हासिल करना है। मध्य प्रदेश विधानसभा में कुल 230 सीट हैं। वर्तमान में सत्तारूढ़ भाजपा के 127 सदस्य हैं, जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के 96 विधायक हैं। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के दो, समाजवादी पार्टी (सपा) का एक एवं चार निर्दलीय विधायक हैं।

पार्टी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में नड्डा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आज विशेष तौर से भारतीय जनता पार्टी के नवीन कार्यालय के भूमि पूजन और कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम है। आज आप लोगों ने जिस प्रकार भारी उत्साह के साथ स्वागत किया है उससे आने वाले समय का संदेश दिया है। नड्डा ने कहा कि इस उत्साह को लक्ष्य में परिवर्तित कर मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में हमें 200 पार के लक्ष्य को हासिल करना है। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को 'लाडली बहना योजना' की शुरूआत करने पर बधाई देते हुए कहा कि इस योजना से महिलाएं सशक्त होंगी।

नड्डा ने कहा कि पहले 'लाडली लक्ष्मी योजना'  और अब 'लाडली बहना योजना'  लागू करने से यह साबित होता है कि किस प्रकार से महिलाओं को सशक्त बनाने और हर समाज को ताकत देने के लिए पार्टी के कार्यक्रम लक्षित होते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं विशेषकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य अति पिछड़े वर्ग को ताकत देना और मुख्यधारा में शामिल करना है। लेकिन कुछ लोग हैं जो गाली भी देते हैं और उनका अंहकार भी समाप्त नहीं होता। उनका अंहकार बड़ा और समझदारी छोटी है।

नड्डा ने कहा कि हमें सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास मंत्र के साथ गांव, गरीब, पीडि़त, शोषित एवं दलित समेत समाज के सभी वर्ग को एक साथ जोडऩा और समानता के साथ आगे लेकर बढ़ते जाना है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की 'लाडली बहना योजना'  सहित अन्य सभी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पार्टी की है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम सभी कार्यकर्ता संकल्प लें कि पहले 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की रिकॉर्ड तोड़ बहुमत से सरकार बनाएंगे और 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश से सभी 29 लोकसभा सीट पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे।