वाराणसी/लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी को गरीबों, दलितों और पिछड़ों के अपमान के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के लिए शुक्रवार को 1,780 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि देश ने कल देखा है कि किस तरह से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने संसदीय मर्यादा को ताक पर रखते हुए दलित, गरीब, पिछड़े और वंचितों के खिलाफ बयान दिया और जब न्यायालय की ओर से इसे लेकर ‘खरी खोटी’ सुनाई गई तो कांग्रेस नेता न्यायालय की अवमानना करने पर उतारू हो गए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को गरीबों, दलितों और पिछड़ों के अपमान के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि सूरत (गुजरात) की एक अदालत ने  ‘मोदी उपनाम’  संबंधी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ 2019 में दर्ज आपराधिक मानहानि के एक मामले में सजा सुनाए जाने के मद्देनजर केरल की वायनाड संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे राहुल गांधी को शुक्रवार को लोकसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य ठहराया गया। योगी ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि गरीब, दलित, वंचित, पिछड़ा वर्ग का कोई बेटा अगर देश के शीर्ष पद पर जाता है तो कांग्रेस और उसके नेताओं को ये फूटी आंख नहीं सुहाता है। मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा से देश को बांटने की राजनीति की है और अपने राजनीतिक फायदे के लिए नक्सलवाद और आतंकवाद को बढ़ावा दिया है।