पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन की दिशा में काम कर रहा राम आस्था मिशन फाउंडेशन आज मील का पत्थर बन गया है। राम आस्था मिशन प्रदेश ही नहीं देशभर में अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। कुछ वर्ष पहले छोटे-छोटे जंगल लगाकर पर्यावरण को सहेजने का काम करने वाला यह मिशन अब तक पूरे देश में 916 से अधिक जंगल बना चुका है। राजा भोज एयरपोर्ट के पास विकसित श्रीराम वन पर्यावरण संरक्षण की एक मिसाल बना है। यह सब संभव हो पाया है तो वह राम आस्था मिशन फाउंडेशन के फाउंडर तन्मय जैन की जिद, जुनून और इच्छाशक्ति से।

दिन प्रतिदिन पर्यावरण का क्षरण होते देख तन्मय जैन ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह ऐतिहासिक कदम बढ़ाया जो अब लोगों के लिए एक आंदोलन बन गया है। राजधानी भोपाल के एयरपोर्ट स्थित 16 एकड़ जमीन पर राम आस्था मिशन इस राम वन को तैयार कर रहा है जो अपने आप में पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। हाल ही में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का रोज एक पौधा लगाने के संकल्प को दो वर्ष पूरे हुए और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूरी कैबिनेट के साथ मिलकर राम वन में पौधरोपण किया।

इसके साथ ही विधायक, सांसद सहित जनप्रतिनिधियों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। राम आस्था मिशन के फाउंडर तन्मय जैन ने बताया कि पिछले दिनों इंदौर में आयोजित हुए प्रवासी भारतीय सम्मेलन में आये 5 हजार से अधिक प्रवासियों ने भी एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पौधरोपण कर इस दिन को ऐतिहासिक बनाया। राम आस्था मिशन फाउंडेशन ने इंदौर में नमो ग्लोबल गार्डन तैयार किया जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, महापौर इंदौर पुष्यमित्र भार्गव सहित विदेशों से आये प्रवासी भारतीयों ने पौधे लगाकर इंदौर से अपनी स्मृतियां जोड़ी। तन्मय जैन ने बताया कि राजधानी भोपाल में 30 मई 2022 को राम वन निर्माण का कार्य शुरू हुआ था।