जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि अपराधियों को हम लोग छोड़ेंगे नहीं और जितने अपराधी हैं उनको समझ जाना चाहिए की उनके दिन लद गये हैं। राजस्थान पुलिस अकादमी में प्रशिक्षु आरपीएस के 53वें बैच के दीक्षांत परेड समारोह कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में गहलोत ने कहा कि जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर और नागौर में अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चल रहा है। राजस्थान में हाल ही में पकड़े गये अपराधियों के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हम लोग छोड़ेंगे नहीं इनको (अपराधियों को),जितने अपराधी हैं उनको समझ जाना चाहिए कि आपके दिन लद गए हैं,क्योंकि किस प्रकार से जो हरकते हो रही हैं,दूसरे प्रदेशों से जो अपराधी यहां पर आतें है ।
सबका इलाज कर रहें हैं यहां पर, हम चाहेंगे कि यहां सुख शांति, चैन, प्यार, मोहब्बत रहे भाईचारा रहे और किसी तरह की हरकतें नहीं हो। उल्लेखनीय है कि हाल ही में जयपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता में वांछित अपराधी एवं लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य रितिक बॉक्सर को नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया था। उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। उन्होंने कहा कि हर नौकरशाह, राजनेता, चिकित्सक, इंजीनीयर कोई भी हो सबको जनता के ट्रस्टी के रूप में काम करना चाहिए।जन सेवा के रूप में काम करना चाहिए, इसलिये मैंने कहा कि यह नौकरी नहीं होती है।नौकरी के साथ में सेवा भी होती है। इससे पूर्व दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार जवाबदेह, पारदर्शी एवं संवेदनशील पुलिस प्रशासन देने के लिए संकल्पित है।