पटना : लैंड फॉर जॉब घोटाले में एक बार फिर से बीजेपी ने लालू परिवार पर निशाना साधा है। पटना में पूर्व डिप्टी सीएम और बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रविवार को फिर कई तेजस्वी यादव पर कई सवाल दाग दिए। सबसे पहले हमला बोलेते हुए कहा कि तेजस्वी यादव ने न तो नौकरी की, न कभी व्यापार किया, पढ़ाई भी पूरी नहीं कर पाए।
क्रिकेट में भी फेल रहे। कोई पुश्तैनी संपत्ति भी नहीं थी। इसके बावजूद नई दिल्ली के सबसे महंगे इलाके न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के डी-1088 के 500 वर्ग मीटर जमीन पर बने 4 मंजिला मकान के मालिक कैसे बन गए हैं। जिनका वर्तमान मूल्य 150 करोड़ से ज्यादा है। इसी मकान में तेजस्वी अपनी पत्नी के साथ रहते हैं।
सुशील मोदी ने कहा कि महज चार लाख की पूंजी लगाकर तेजस्वी 150 करोड़ के मकान के मालिक बन गए। डी-1088,न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी का मकान ए.बी.एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड की संपत्ति है, जिसके मालिक तेजस्वी यादव हैं। ए.बी.एक्सपोर्ट ने 1996 से आज तक न तो कोई व्यापार किया और न ही इसका कोई टर्न ओवर है, न ही कोई कर्मचारी है। इस कंपनी ने केवल एक काम किया संपत्ति खरीदने का वो भी तेजस्वी के लिए।
साल 2010-11 में इस कंपनी के 97 प्रतिशत शेयर मात्र चार लाख में तेजस्वी ने और शेष 3 प्रतिशत शेयर लालू की बेटी चंदा यादव ने 7 हजार की पूंजी लगाकर खरीद लिए। शुरुआत में तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, चंदा यादव एवं रागिनी इस कंपनी के डायरेक्टर थे। वर्तमान में रागिनी और लालू के करीबी सीवान निवासी शरीकल बारी इस कंपनी के डायरेक्टर हैं। सुशील मोदी ने बताया कि मुंबई के 5 हीरे-सोने के व्यापारियों ने 2007-08 में 1-1 करोड़ यानि कुल 5 करोड़ का ब्याज मुक्त ऋ ण ए.बी.एक्सपोर्ट को दिया। जांच में यह सभी कंपनियां फर्जी पाई गईं।