बीजिंग : चीन के राष्ट्रपति शी जिंगपिंग 20 से 22 मार्च तक रूस की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता करेंगे। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह घोषणा की। इस तरह की खबरें हैं कि बीजिंग की योजना यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए शांति वार्ता शुरू कराने की है। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने एक संक्षिप्त घोषणा में कहा कि रूसी संघ के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर राष्ट्रपति जिंगपिंग 20 से 22 मार्च तक रूस की राजकीय यात्रा करेंगे।

नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) के इस महीने की शुरुआत में राष्ट्रपति चिनफिंग के पांच साल के तीसरे कार्यकाल का समर्थन करने के बाद उनकी यह पहली विदेश यात्रा होगी। रूस के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, दोनों नेता रूस और चीन के बीच व्यापक साझेदारी और रणनीतिक बातचीत के संबंध में भविष्य से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

दोनों पक्ष अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रूस और चीन के बीच सहयोग को बढ़ाने के तरीकों पर विचारों का आदान प्रदान भी कर सकते हैं। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ की शुक्रवार की खबर के अनुसार, चीन के नेता की यात्रा के दौरान कई अहम द्विपक्षीय मुद्दों पर हस्ताक्षर भी किए जा जाएंगे।