बेगूसराय : बिहार के बेगूसराय पहुंचे जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने मंगलवार को ईडी और सीबीआई की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आज लालू यादव को टारगेट करके सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है, जबकि भाजपा के किसी मंत्री या नेता के मामले में सीबीआई-ईडी चुप हैं। पप्पू यादव ने कहा कि देखा जाए तो श्रीजन घोटाले में सुशील मोदी सीधे-सीधे संलिप्त थे। लेकिन सीबीआई और ईडी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस दौरान उन्होंने बेगूसराय के सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि पांच करोड़ रुपए के साथ गिरिराज सिंह पकड़े गए थे। लेकिन आज तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। यह सिर्फ राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर भाजपा की सरकार की ओर से लालू यादव के परिवार को परेशान किया जा रहा है। पप्पू यादव ने कहा कि भाजपा की मानसिकता सिर्फ इतनी है कि लालू यादव को परेशान करने के बाद तेजस्वी और नीतीश का गठबंधन खत्म हो जाएगा। इसके बाद नीतीश एक बार फिर भाजपा के साथ चुनावी दंगल में शामिल होंगे।
इसके साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सारी बातों को जानते हुए भी नीतीश कुमार आज चुप हैं। वहीं, उन्होंने तमिलनाडु में बिहार मूल के लोगों की पिटाई किए जाने पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह आग सिर्फ मनीष कश्यप के द्वारा फैलाई गई थी और मनीष कश्यप को इसकी सजा जरूर मिलनी चाहिए।