छोटे बच्चों को कब्ज की शिकायत होना एक आम समस्या है। जिसके पीछे कई बार भोजन की आदतों में बदलाव, फॉर्मूला दूध जैसे कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। कब्ज की वजह से आपका बच्चा दर्द और असहज महसूस कर सकता है। हालांकि बावजूद इसके ज्यादातर शिशु विशेषज्ञ कब्ज से राहत पाने के लिए तुरंत किसी दवा को देने का सुझाव नहीं देते हैं। ऐसे में अगर आपका बच्चा भी कब्ज से परेशान है तो उसे राहत पहुंचाने के लिए अपनाएं ये कुछ प्राकृतिक तरीके।
पपीता : पपीता फाइबर का अच्छा स्रोत होने की वजह से कब्ज के लिए असरकारी उपाय हो सकता है। अगर आपका बच्चा 6 महीने से अधिक उम्र का है तो पपीता उसकी कब्ज की समस्या को दूर करने में मदद कर सकता है।
तरल पदार्थ : अक्सर कब्ज की शिकायत होने की सबसे बड़ी वजह शरीर में पानी की कमी का होना है। 6 महीने से अधिक उम्र के बच्चे के आहार में प्रचुर मात्रा में तरल पदार्थ जैसे सूप, फलों का रस, दूध और पानी को शामिल करें।
सेब का रस : सेब में मौजूद घुलनशील फाइबर यानी पेक्टिन कब्ज की समस्या दूर करने में मदद करता है। इसके लिए आप सेब के छिलकों के साथ उसका जूस निकालकर दिन में एक बार बच्चे की दूध की बोतल में भरकर उसे पिलाएं। ऐसा करने से कब्ज ठीक हो जाती है।
मालिश : मालिश करने से भी छोटे बच्चों की कब्ज की शिकायत दूर होती है। यह शिशु को कब्ज से राहत दिलाने का एक प्राकृतिक तरीका है। इसके लिए अपने बच्चे के पेट की धीरे से मालिश करें। आपको बस अपनी उंगलियों को हल्के से थपथपाना है या बच्चे के पेट पर गोलाकार गति में मालिश करनी है।