धर्मशाला : आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने दुनिया में धर्म के आधार पर हिंसा को समाप्त करने का शुक्रवार को आह्वान किया। लामा ने 64वें तिब्बती विद्रोह दिवस के मौके पर अपने संबोधन में कहा, कि मेरा देश, उनका देश, मेरा धर्म, उनका धर्म कहना और इस आधार पर लड़ना और मारना सरासर गलत है। हम पीढ़ीयों से, एक दूसरे को मारने के लिए इन हथियारों का इस्तेमाल करते रहे हैं। अब, मुझे लगता है कि हमें कहना चाहिए कि बहुत हो चुका।
उन्होंने कहा कि जब मैं छोटा था और दूसरे बच्चों के साथ खेलता था, तो मुझे उनके धर्म और राष्ट्रीयता के बारे में कोई जानकारी नहीं होती थी। सात-आठ अरब की आबादी वाली दुनिया में एकता का आह्वान करते हुए आध्यात्मिक नेता ने कहा कि हम एक ही मानव हैं और हमें इस ग्रह पर भाइयों और बहनों के रूप में रहना चाहिए। धर्मशाला में स्थित निर्वासित तिब्बती संसद ने एक बयान में कहा कि चीन की सरकार वर्षों से तिब्बत की संस्कृति और पहचान को मिटाने की कोशिश कर रही है। यहां तक कि उन्होंने पर्यावरण को भी नष्ट कर दिया है। लेकिन तिब्बती लोगों ने कभी हार नहीं मानी है।