समस्तीपुर : जदयू के पूर्व विधायक रामबालक सिंह को छपरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। उनके ऊपर समस्तीपुर में पूर्व मुखिया और साथी की हत्या का आरोप है। जीआरपी ने स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से उन्हें गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वो नेपाल भागने की फिराक में थे। बताया जा रहा है कि रामबालक सिंह का किसी महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो था जिसे पूर्व मुखिया और उसका साथी वायरल कर रहे थे। इसके बाद ये दो हत्याएं हुई थीं।

20 फरवरी को विभूतिपुर थाना क्षेत्र के मडडिहा ब्रह्मस्थान के पास पूर्व मुखिया और उनके सहयोगी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने विशेष टीम गठन कर 3 मार्च को जदयू के पूर्व विधायक रामबालक सिंह के भाई लालबाबू सिंह को दिल्ली एनसीआर के गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया था। वहीं पूर्व विधायक की गिरफ्तारी को लेकर लगातार पुलिस छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान आज गुरुवार को टावर लोकेशन के आधार पर सारण जिला के छपरा रेलवे स्टेशन से सारण पुलिस और समस्तीपुर पुलिस ने जदयू के पूर्व विधायक रामबालक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।