नगांव : फाल्गुन के बयार में फाल्गुनी उत्सव पर आज खाटु श्याम भक्तों ने खाटु श्याम की विग्रह के साथ ही सायं को एक शोभायात्रा निकाली। पुरुष-महिला, बच्चे-बुजुर्ग सभी ने श्रद्धाभाव से बाबा की शोभायात्रा में हिस्सा लिया। श्याम भक्तों ने अपने हाथों में  बाबा की निशान पताका लेकर लहराते हुए खुटीकटिया स्थित खाटु श्याम मंदिर में बाबा को अर्पित किया।

उल्लेखनीय है कि यह शोभायात्रा देशवाली पट्टी स्थित श्रीश्री ठाकुरबाड़ी सार्वजनिक मंदिर से आरंभ हुआ, जो श्याम मंदिर में जाकर समाप्त हई। रंग-बिरंगे रंगों से रंगे श्याम भक्तों की उत्साह भक्ति भाव को प्रदर्शित किया। शोभायात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं ने देशवालीपट्टी से श्याम मंदिर तक पैदल चलते हुए बाबा के प्रति अपनी भक्ति भाव को दर्शाया। जिस ओर से बाबा की शोभायात्रा निकली उस ओर भक्ति भाव से राहगीर शोभायात्रा को निहारते नजर आए।

खाटु श्याम के जयकारों से एक बार फिर कुछ समय के लिए शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया। जगह-जगह महिलाओं ने अबीर गुलाल व फूलों की जमकर होली खेली। डीजे पर बज रहे श्रीश्याम धुनों पर श्याम भक्त थिरकते नजर आए। ऐसा लग रहा था मानो पूरा शहर श्याम के रंग में श्याममय व भक्तिमय हो गया हो।