पटना : केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब इनका जाना तय हो गया है। बिहार में अराजकता का माहौल हो गया है। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि बिहार में महागठबंधन नहीं ठगबंधन है। चाचा भतीजा की सरकार में केवल लूट मची है। बैरिया स्थित महेश भगत बनवारी लाल कॉलेज में आयोजित मिलन समारोह को नित्यानंद राय संबोधित कर रहे थे। नित्यानंद राय ने ने कहा कि मोदी शासनकाल में सिर्फ विकास हो रहा है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनना तय है।

देश में मोदी सरकार के काम को देख कर सभी विपक्षी पार्टी डरी कर एकजुट होने का प्रयास कर रही है। वहीं संजय जायसवाल ने कहा कि राज्यभर में आये दिन हत्या, लूट सहित अन्य आपराधिक घटनाएं हो रही है। उद्योग लगाने के लिए निवेशक अब बिहार नहीं आ रहे है। सभी विकास के काम नीतीश सरकार में रोके जा रहे है। इसके अलावा पूर्व मंत्री अजीत कुमार ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यों को देख उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। गायघाट के पूर्व प्रत्याशी अशोक सिंह ने कहा कि अब वह अपने घर आ चुके है। मिलन समारोह में पूर्व मंत्री अजीत कुमार, गायघाट के पूर्व प्रत्याशी अशोक सिंह, पूर्व मेयर सुरेश कुमार सहित दर्जनों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सभा के दौरान पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा मौजूद नहीं थे। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री रामसूरत राय को बोलने का भी मौका नहीं मिला।