नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2023 दिल्ली पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण वर्ष होगा, क्योंकि इस साल राष्ट्रीय राजधानी जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए दुनिया भर से अंतर्राष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों की मेजबानी करेगी। दिल्ली पुलिस के 76वें स्थापना दिवस परेड में उन्होंने एएसआई शंभू दयाल को भी श्रद्धांजलि दी, जिनकी पिछले महीने पश्चिमी दिल्ली के मायापुरी में एक झपटमार ने हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा कि मैं एएसआई शंभू दयाल को श्रद्धांजलि देता हूं, जिनके सर्वोच्च बलिदान से सभी की आंखों में आंसू आ गए।
दयाल (57) को मायापुरी में मोबाइल फोन छीनने के आरोप में पकड़े गए एक व्यक्ति ने कई बार चाकू मारा था। चार दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद दयाल ने आठ जनवरी को दम तोड़ दिया था। गृह मंत्री ने दिल्ली पुलिस की ‘एमपासपोर्ट सेवा’ पहल का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, दिल्ली में रहने वाले लोगों को अब अपने पासपोर्ट के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि उन्हें पहले के 15 दिनों की जगह अब पांच दिनों के भीतर पुलिस की मंजूरी मिल जाएगी।
शाह ने कहा कि भारत के जी20 की अध्यक्षता संभालने के साथ, 2023 खास महत्व रखता है। शाह ने कहा कि दिल्ली पुलिस के लिए 2023 एक महत्वपूर्ण वर्ष होगा, क्योंकि भारत जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। ट्रैफिक और सुरक्षा के लिहाज से शहर की पुलिस को सतर्क रहना होगा, क्योंकि कई देशों के प्रमुख यहां आएंगे।