वाशिंगटन : अमरीका के वायु क्षेत्र में अत्यधिक ऊंचाई पर उड़ रहे जासूसी गुब्बारे एवं अन्य वस्तुओं का पता लगने के बाद व्हाइट हाउस ने कहा है कि देश के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पद संभालने के बाद खुफिया विभाग को चीन की खुफिया क्षमताओं का ‘व्यापक मूल्यांकन’ करने का निर्देश दिया था। हाल के दिनों में अमरीका में आसमान में तीन गुब्बारे उड़ते दिखाई दिए हैं, जिन्हें मार गिराया गया है । अमरीकी लड़ाकू जेट एफ-22 विमान ने शनिवार को कनाडा के वायु क्षेत्र में उड़ रही एक बेलनाकार वस्तु को और इससे एक दिन पहले अलास्का में इसी प्रकार की एक अन्य वस्तु को मार गिराया गया था।

इससे एक सप्ताह पहले अमरीकी सेना ने दक्षिण कैरोलाइना के तट पर एक संदिग्ध चीनी निगरानी गुब्बारे को मार गिराया था । व्हाइट हाउस में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में स्ट्रेटजिक कम्युनिकेशन के संयोजक जॉन किर्बी ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया, ‘बाइडेन ने जब (2021) में कार्यभार संभाला, तब उन्होंने अमरीका के खुफिया विभाग को चीनी खुफिया क्षमताओं का व्यापक मूल्यांकन करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चत करने के लिए कहा था कि हम उनका पता लगाने और उनसे बचाव करने के लिए काम करें।’

उन्होंने कहा कि आप सब इस बात को समझेंगे कि किसी कारण से हम सार्वजनिक रूप से इस बारे में बात नहीं कर सकते हैं कि हम विदेशी खुफिया संग्रहण प्रयासों का कैसे पता लगाते हैं और कैसे उनसे निपटते हैं, क्योंकि हमने जो कुछ किया है और जो कर रहे हैं वह निश्चित रूप से बेहद संवेदनशील है। लेकिन, हमें इस बात का पता चला है कि चीन के पास विदेशी खुफिया सूचना संग्रह के लिये अत्यधिक ऊंचाई पर उड़ने वाला गुब्बारा कार्यक्रम है, जो पीपुल्स लिबरेशन आर्मी से जुड़ा है ।’