कलबुर्गी : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने सोमवार को दावा किया कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के मंत्रिमंडल विस्तार नहीं करने के पीछे का ‘रहस्य’ यह है कि वह भाजपा के दिग्गज नेता बी एस येदियुरप्पा के बेटे को मंत्री नहीं बनाना चाहते हैं। कांग्रेस नेता ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि इसका एक दूसरा कारण यह भी है कि ‘अधिक से अधिक रिश्वत’ लेने के लिये बोम्मई मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद नहीं कर रहे हैं और विभिन्न विभागों को अपने पास रख रहे हैं ।

सिद्धरमैया ने दावा किया, ‘भारतीय जनता पार्टी ने येदियुरप्पा के साथ अन्याय किया, पार्टी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ मिल कर उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाया और बसवराज बोम्मई को इस पद पर बिठाया। येदियुरप्पा और बोम्मई के बीच अनबन अब इस बात को लेकर है कि मुख्यमंत्री कैबिनेट का विस्तार नहीं कर रहे, ताकि पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे को मंत्री बनाने से बचा जा सके।’ उन्होंने कहा कि अगर मंत्रिमंडल का विस्तार होता है, तो उन्हें येदियुरप्पा के बेटे को मंत्री बनाना होगा।

मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं किया और छह विभागों को रिक्त रखा है, इसको अब डेढ़ साल से अधिक वक्त हो चुका है। मुख्यमंत्री के अपने पास कई विभाग रखने की ओर इशारा करते हुए कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि ऐसा वह इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि इससे उन्हें (बोम्मई को) अधिक रिश्वत मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि ये दो मुख्य कारण हैं, जिसकी वजह से बोम्मई कैबिनेट का विस्तार नहीं कर रहे हैं।