नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के राजनीति में प्रवेश को कामयाब कहा जा सकता है क्योंकि पार्टी के शासन के तहत आर्थिक रूप से पिछड़ी पृष्ठभूमि से आने वाले बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की तुलना में अच्छी शिक्षा मिल रही है। केजरीवाल पश्चिम दिल्ली के जनकपुरी इलाके में ‘डॉ बीआर आम्बेडकर स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलैंस’ के उद्घाटन के बाद बोल रहे थे।

इन ‘स्कूल्स ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलैंस’ (एसओएसई) की ओर से प्रदान किए गए बुनियादी ढांचे की तारीफ करते हुए, केजरीवाल ने कहा कि इन विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को मुझे या मेरे बच्चों की तुलना में बेहतर शिक्षा मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों का कायापलट देश के लिए एक मानक बन रहा है। जनकपुरी का यह स्कूल इंजीनियरिंग, चिकित्सा, मानविकी और आईटी तथा कृत्रिम बुद्धिमता जैसे 21वीं सदी के कौशल पर ध्यान केंद्रित करेगा।

इन क्षेत्रों में रुचि रखने वाले इस स्कूल में दाखिला ले सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन स्कूलों में दाखिला मिलना मुश्किल है और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) और मेडिकल कॉलेजों में भी इतने आवेदन नहीं आते जितने इन स्कूलों के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में 44,00 सीट हैं और हमें 96,000 आवेदन मिले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार के स्कूल आधारभूत ढांचे की तुलना में भी निजी स्कूलों से बेहतर हैं।