श्रीनगर : नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा कि राहुल गांधी नीत भारत जोड़ो यात्रा को कश्मीर में अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है लेकिन टीवी मीडिया और ‘कश्मीर विशेषज्ञ’ इसपर चुप्पी साधे हुए हैं। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया है, ‘बड़बोले ज्यादातर चुप हैं और चैनल इसके बारे में बात नहीं करना चाहते हैं, लेकिन यह देखने के लिए कि आपको किसी खास चश्मे की जरूरत नहीं है कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। बड़े, बूढ़े, पुरुष, महिलाएं, सभी सड़कों पर उतर रहे हैं और एकता के लिए मार्च निकाल रहे हैं।’

उन्होंने कहा कि सबसे दुखी करने वाली चुप्पी ‘कश्मीर विशेषज्ञों’ की है जो कश्मीरियों को राष्ट्र-विरोधी, साम्प्रदायिक और असहिष्णु बताने का एक भी अवसर नहीं गंवाते हैं। लोगों की भागीदारी उनके इस प्रोपगैंडा के चेहरे पर तमाचा है और यह उनकी चुप्पी की वजह बताता है। शुक्रवार को बनिहाल में पदयात्रा में अब्दुल्ला भी शामिल हुए।