रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को राज्यपाल अनुसुइया उइके पर दो आरक्षण संशोधन विधेयकों को मंजूरी देने में कथित देरी को लेकर संवैधानिक शक्तियों के दुरूपयोग का आरोप लगाया है। भूपेश बघेल ने कहा कि क्या वह किसी मुहूर्त का इंतजार कर रही हैं? राज्यपाल ने बीते दिनों मीडिया से बातचीत के दौरान आरक्षण बिलों पर मंजूरी को लेकर सवाल पर मार्च तक इंतजार करने के लिए कहा था।
राज्य विधानसभा द्वारा पारित आरक्षण विधेयकों पर राज्यपाल की लंबित सहमति को लेकर पिछले महीने से गवर्नर हाउस और मुख्यमंत्री के बीच टकराव चल रहा है। रविवार की रात बिलों पर लंबित सहमति के बारे में कुछ पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर, उइके ने जवाब दिया अब मार्च तक इंतजार करें।
राज्यपाल के जवाब पर प्रतिक्रिया देते हुए बघेल ने कहा कि राज्यपाल अपने अधिकारों का दुरूपयोग कर रही हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्यपाल के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि क्या राज्यपाल किसी मुहूर्त का इंतजार कर रही हैं? उन्होंने कहा कि छात्रों को दाखिले कराने हैं।