लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शनिवार को कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दिल्ली में हुई दो दिवसीय बैठक के बाद राज्य, जिला और मंडल (प्रखंड) स्तर तक कार्यसमिति की बैठकें होंगी और इस कड़ी में रविवार, 22 जनवरी को यहां प्रदेश कार्यसमिति की एक दिवसीय बैठक होगी। यहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रदेश कार्यसमिति की एक दिवसीय बैठक आयोजित की गयी है।
उन्होंने बताया कि पूर्वाह्न 10 बजे बैठक के उद्घाटन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यसमिति की बैठक में पदाधिकारियों समेत पूरे प्रदेश से सात सौ से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। चौधरी ने बताया कि बैठक में आगामी कार्ययोजना पटल पर रखी जाएगी और पिछले संगठनात्मक कार्यों पर भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया जाएगा। चौधरी ने बताया कि पांच फरवरी तक जिलों में और 12 फरवरी तक भाजपा की सभी मंडल इकाइयों में कार्यसमिति की बैठक संपन्न कर ली जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने 16 और 17 जनवरी को दिल्ली में हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का मार्गदर्शन मिला। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में भाजपा और सरकार की गरीब कल्याण को लेकर जो योजनाएं हैं और नौ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा हुई।