भोपाल : मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने हिंदुत्व दांव चलने के संकेत दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस ने कमलनाथ को हनुमान भक्त बताते हुए उनका वीडियो जारी किया है। जिसमें यह भी बताया गया है कि वह नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं और उनके मन में सियाराम भी बसते हैं। एक अन्य ट्वीट में यह भी कहा गया है कि कमनलाथ ने अपने कार्यकाल में पुजारियों का मानदेय 1000 रुपए से बढ़ाकर 3000 रुपए मासिक किया। मध्य प्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से मंगलवार को एक वीडियो ट्वीट किया गया। इसमें कमलनाथ को पूजा-पाठ करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में कहा गया है, धर्म और कर्म का मर्म जिसने समझ लिया उसे प्रभु की कृपा स्वत: मिल जाती है। अपने प्रभु से प्रेम करने वाला सत्यवादी, कर्तव्यनिष्ठ और न्यायप्रिय होता है। कमलनाथ में यह तीनों गुण हैं।
राजनीतिक व्यस्तता के बीच वह अपने आराध्य हनुमान जी की पूजा के लिए समय अवश्य निकालते हैं। कमलनाथ हमेशा हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं।वीडियो में आगे कहा गया है, कमलनाथ प्रदेश की खुशहाली, उन्नति और समृद्धि के लिए प्रभु हनुमान की पूजा करते हैं। वह मानते हैं कि धर्म और राजनीति का गठजोड़ नहीं होना चाहिए। इसलिए उन्होंने कभी भी अपने हनुमान भक्ति का प्रचार नहीं किया। किंतु जनता जानती है कि हनुमान जी कमलनाथ जी के दिल में बसते हैं और हनुमान जी के दिल में सीताराम बसते हैं। इसलिए हनुमान और सीता राम में कमलनाथ जी की गहरी आस्था है।
वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है, हनुमान भक्त कमलनाथ, विकास आस्था के साथ। कमनलाथ के भक्ति वीडियो के बाद कांग्रेस ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि कमलनाथ सरकार ने पुजारियों को मानदे मानदेय 1000 से बढ़ाकर 3000 किया। धर्म और आस्था प्रेमी सरकार। वहीं भाजपा सरकार में सब पर अपशकुन का साया होने की बात कही गई। शिवराज सरकार को अधर्मी और भ्रष्ट बताया गया है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो कांग्रेस ने इस वीडियो के जरिए अगले चुनाव के लिए बड़ा संकेत दिया है। पार्टी ने साफ कर दिया है कि अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुकाबला हिंदुत्व के मोर्चे पर भी किया जाएगा।