इंदौर : महाकाव्य ‘रामचरितमानस’ को लेकर बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर की कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर विवाद बढ़ने के बीच केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार ने सोमवार को कहा कि वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के कारण कुछ सियासी दलों की ओर से ऐसे बयान दिए जाते हैं। सुभाष सरकार ने इस विवाद को लेकर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर इंदौर में संवाददाताओं से कहा कि देखिए, यह सब वोट (बैंक) और तुष्टिकरण की राजनीति के कारण होता है।
कुछ राजनीतिक दल सोचते हैं कि वे अल्पसंख्यकों के वोट कैसे हासिल कर सकते हैं, लेकिन यह सब करने से क्या उन्हें अल्पसंख्यकों के वोट मिलेंगे?’ उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक भी समझते हैं कि आजकल विकास की राजनीति, सबसे अच्छी राजनीति है। जो (दल) विकास करेगा, उसके साथ सब लोग रहेंगे। सरकार, विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान और इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अखिल भारतीय संस्थागत नेतृत्व समागम के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेने आए थे।
उच्च शिक्षा जगत के मुद्दों पर केंद्रित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में देश भर के कई विद्वान शामिल हो रहे हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान शिक्षा राज्य मंत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रति सरकार प्रतिबद्ध है और इस नीति का क्रियान्वयन देश भर में तेज हो गया है।