पहेली के रूप में अक्सर एक सवाल पूछा जाता है कि ऐसी कौन सी दुकान है जहां हम सिर्फ देकर आते हैं और कुछ भी लेकर नहीं आते हैं। इसका जवाब है नाई की दुकान। कई लोग यह तो जानते हैं कि कटे हुए बाल बहुत कीमती होते हैं, लेकिन लोग यह नहीं जानते कि इन कटे हुए बालों का उपयोग पर्यावरण के संरक्षण में मददगार भी हो सकता है। जी हां यूरोप के देश बेल्जियम में ऐसा ही हो रहा है। वहां के नाई अपने ग्राहकों से काटे गए बालों को इकट्ठा करते हैं और उनके पुनर्चक्रण के लिए एक एनजीओ को देते हैं जिनका फिर से उपयोग पर्यावरण के बचाव में मदद करता है।

रीसाइकल होते हैं बाल : बेल्जियम में हेयर रीसाइक्लिग प्रोजेक्ट में बालों को एक मशीन में डाला जाता है जिसके बाद उन्हें एक चटाई की तरह के वर्गाकार वस्तु में बदला जाता है जो तेल और अन्य प्रदूषण फैलाने वाले हाइड्रोकार्बन रसायनों को अवशोषित करने का काम करते हैं। ये रसायन पर्यावरण के लिहाज से घातक माने जाते हैं।

खास तरह के बैग भी : इसके अलावा इनसे जैव पदार्थ युक्त बैग भी बनाए जा सकते हैं जिन्हें पर्यावरण अनुकूल पदार्थ की श्रेणी के उत्पादों में रखा जा सकता है। इस प्रोजेक्ट के सह संस्थापक पैट्रिक जैनसेन ने इसके बारे में बताया कि एक किलोग्राम के बाल करीब 7-8 लीटर का तेल और हाइड्रोकार्बन अवशोषित करने की क्षमता रखते हैं। जैनसेन का कहना है कि इनसे बनी चटाइयां नालियों में रख दी जाएं तो प्रदूषित पानी की नदियों में पहुंचने से पहले ही उनका सारा का सारा प्रदूषण सोख लेती हैं। इस तकनीक का उपयोग कर जल प्रदूषण सहित पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। ये उत्पाद और ज्यादा नीतिपरक कहे जा सकते हैं क्योंकि इनका उत्पादन स्थानीय पदार्थों से स्थानीय स्तर पर ही हो जाता है और उसके लिए किसी भी तरह के महंगे या दुर्लभ उपकरण को आयात करने की जरूरत नहीं पड़ती है। उन्हें यहां स्थानीय समस्याओं को सुलझाने के लिए बनाया जा राह है। जैनसेन ने कहा कि इस प्रोजेक्ट ने अपनी वेबसाइट में बताया है कि इंसान के बालों में शक्तिशाली गुण होते हैं। एक बाल अपने खुद के वजह से एक करोड़ गुना ज्यादा वजन को झेल सकता है और उसे फैट और हाइड्रोकार्बन अवशोषित करसकता है। यह पानी में घुलनशील होता है और इसके कैरेटिन फाइबर के कराण बहुत ज्यादा इलास्टिक होता है।