लुधियाना : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को केंद्र और पंजाब सरकार पर लघु एवं मध्यम उपक्रमों को समर्थन न देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लुधियाना के लघु एवं मध्यम उपक्रमों को अगर पर्याप्त समर्थन मिले तो वे चीनी उपक्रमों को टक्कर दे सकते हैं। राहुल कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के पंजाब चरण के तहत बृहस्पतिवार को लुधियाना में थे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में नफरत, हिंसा और डर फैलाया जा रहा है। लुधियाना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि भाई को भाई के खिलाफ, एक धर्म को दूसरे धर्म के खिलाफ, एक जाति को दूसरी जाति के खिलाफ खड़ा किया जा रहा है। सिख धर्म के संस्थापक को याद करते हुए उन्होंने कहा कि नफरत के बाजार में लाखों लोगों ने मोहब्बत की दुकानें खोल ली हैं। आप इस यात्रा को देखें, आपको कोई नफरत नहीं मिलेगी। अगर कोई गिर जाता है तो सभी बिना उसका धर्म या जाति पूछे, उसकी मदद करते हैं। यह भारत का इतिहास है। यह पंजाब का इतिहास भी है और पंजाब की संस्कृति भी। गुरु नानक जी ने न केवल देश को, बल्कि पूरी दुनिया को यह दिखाया है। राहुल ने कहा कि देश में नफरत और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
लघु और मध्यम उपक्रमों को समर्थन मिले तो लुधियाना चीन को टक्कर देने में सक्षम : राहुल