जम्मू : जम्मू क्षेत्र को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजनीतिक हथकंडों से सबसे अधिक प्रभावित बताते हुए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा बड़े औद्योगिक घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए क्षेत्र के लोगों के हितों के साथ समझौता कर रही है। महबूबा मुफ्ती ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी ने जम्मू क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं का सम्मान करने के लिए अपने राजनीतिक हितों को जोखिम में डाल दिया जिसने 2014 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को बड़ा जनादेश दिया था। पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी पार्टी के रुख को दोहराया कि कश्मीर और जम्मू क्षेत्रों का एकीकरण जम्मू-कश्मीर के विकास और समृद्धि का सार है। महबूबा मुफ्ती ने यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जम्मू कभी पूर्व राज्य का आर्थिक केंद्र हुआ करता था और वह भाजपा के राजनीतिक हथकंडे से सबसे अधिक प्रभावित रहा। कश्मीर में लोगों को हमेशा भाजपा की मंशा पर शक था लेकिन जम्मू ने राजनीतिक और आर्थिक सशक्तिकरण के आश्वासन पर पार्टी को (2014 के विधानसभा चुनावों में) भारी जनादेश दिया। भाजपा पर विभाजनकारी और धोखे की राजनीति में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए मुफ्ती ने कहा कि भाजपा देश के बड़े औद्योगिक घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए लोगों के हितों का समर्पण कर रही है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था से लेकर सांस्कृतिक पहचान तक, भाजपा ने जम्मू की हर वह चीज़ लूटी है जिस पर कभी उसे गर्व होता था।