कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि रेलवे के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए केंद्र सरकार रिकार्ड निवेश कर रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में हावड़ा और न्यू जलपाईगुड़ी को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद मोदी ने कहा कि न्यू जलपाईगुड़ी सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों को हवाईअड्डों की तरह विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के लिए चार रेलवे परियोजनाओं की शुरुआत की और न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखी।प्रधानमंत्री को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आज कोलकाता पहुंचना था, लेकिन शुक्रवार तड़के उनकी मां हीराबेन का निधन हो गया। गांधीनगर के मुक्ति धाम में प्रधानमंत्री की मां का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के बाद प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से अहमदाबाद से इस कार्यक्रम में शामिल हुए।प्रधानमंत्री ने कहा कि रेल लाइनों का दोहरीकरण और उनके विद्युतीकरण का काम रिकॉर्ड गति से हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्वी और पश्चिमी माल ढुलाई गलियारे देश की अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाएंगे। उन्होंने कहा कि आज वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत उस भूमि से की गई हैं जहां ‘वंदे मातरम’ का जयघोष हुआ था।’ मोदी ने कहा कि आज 30 दिसंबर की तारीख का भी इतिहास में अपना बहुत महत्व है क्योंकि 1943 में आज ही के दिन नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने अंडमान में तिरंगा फहराकर भारत की आजादी का बिगुल फूंका था। उन्होंने कहा कि इस 21वीं सदी में भारत के तेज विकास के लिए भारतीय रेलवे का भी तेज विकास, भारतीय रेलवे में तेज सुधार, बहुत जरूरी हैं। इसलिए आज केंद्र सरकार भारतीय रेलवे को आधुनिक बनाने के लिए, रेलवे अवसंरचना को आधुनिक बनाने के लिए रिकॉर्ड निवेश कर रही है। आज भारत में भारतीय रेलवे के कायाकल्प का राष्ट्रव्यापी अभियान चल रहा है।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि आज वंदे भारत, तेजस, हमसफर जैसी आधुनिक ट्रेनें देश में बन रही हैं तो विस्टा-डोम कोच रेल यात्रियों को नए अनुभव करा रहे हैं।उन्होंने कहा कि आज सुरक्षित, आधुनिक कोच की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि हो रही है। आज रेलवे स्टेशन को भी एयरपोर्ट की तरह विकसित किया जा रहा है।
भारतीय रेल के आधुनिकीकरण पर सरकार कर रही है निवेश रिकॉर्ड : मोदी