बेंगलुरु : भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कर्नाटक के शिमोगा में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि अगर कोई हिंदुओं के सम्मान पर हमला करता है तो हिंदुओं को जवाब देने का पूरा अधिकार है। वह कर्नाटक में एक हिंदू कार्यकर्ता की मौत को लेकर बात कर रही थीं। मध्य प्रदेश के भोपाल से सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने समुदाय से अपील की कि वे कम से कम अपने घरों में चाकुओं को तेज कर के रखें, क्योंकि सभी को अपने सुरक्षा करने का अधिकार है। ठाकुर ने कहा कि लव जिहाद, असल में जिहाद उनकी परंपरा है। अगर कुछ नहीं होता तो वे लव जिहाद करते हैं। हम हिंदू भी प्यार करते हैं। भगवान से प्यार करते हैं। संन्यासी अपने भगवान से प्यार करते हैं। दक्षिण क्षेत्र में हिंदू जागरण वैदिके के सम्मेलन में प्रज्ञा ने कहा कि संन्यासी कहते हैं कि ये दुनिया, जिसे भगवान ने बनाया, उसमें सारे पापियों का खात्मा हो। अगर नहीं किया तो यहां प्यार की सच्ची परिभाषा बच नहीं पाएगी। इसलिए उन्हें जवाब दें जो लव जिहाद जैसे कामों में शामिल हैं। अपनी लड़कियों को बचाएं, उन्हें सही मूल्य सिखाएं। शिवमोगा में हिंदू कार्यकर्ता की हत्या का जिक्र करते हुए प्रज्ञा ने कहा कि अपने घरों में हथियार रखिए। अगर कुछ नहीं तो जिस चाकू से सब्जी काटते हैं, उन्हें ही तेज कर के रखिए। क्या पता कब कैसी स्थिति बन जाए। सभी के पास अपनी सुरक्षा का अधिकार है। अगर कोई हमारे घरों में घुस आता है और हम पर हमला करता है, तो करारा जवाब देना हमारा अधिकार है।
चाकू तेज रखो, पता नहीं क्या स्थिति पैदा हो जाए