2023 का कैलेंडर घर में लगा रहे हैं तो आपको वास्तु के कुछ नियमों का जरूर ध्यान रखना चाहिए। वास्तु शास्त्र के अनुसार, अगर सही दिशा में नए साल का कैलेंडर लगाया जाए तो यह आपके लिए काफी फायदेमंद होता है। वास्तु विज्ञान के अनुसार, अगर कैलेंडर को सही दिशा में लगाया जाए तो किस्मत को तो जागृत करता ही है, साथ में समस्याओं को भी साल भर दूर रखता है। आइए जानें वास्तु विज्ञान के अनुसार घर में कहां और कैसे कैलेंडर लगाना फायदेमंद होता है।

सबसे पहले करें यह काम : वास्तु शास्त्र के अनुसार, ज्यादातर देखा जाता है कि जल्दबाजी के चक्कर में या किसी वजह से पुराने कैलेंडर के ऊपर ही नया कैलेंडर लगा दिया जाता है। इस वजह से कई दिनों तक पुराने कैलेंडर घर की दिवारों पर लटके रह जाते हैं। वास्तु में पुराने कैलेंडर का लटका रहना अच्छा नहीं माना जाता, यह आपके जीवन में प्रगति के अवसरों को कम करता है। साथ ही इससे भविष्य की रूपरेखा भी प्रभावित होती है और नए साल में नए कार्य करने के लिए ऊर्जा की कमी महसूस होती है। इसलिए पुराने कैलेंडर को दीवार से हटा देना चाहिए और नए साल के नए कैलेंडर को घर में लगाना चाहिए। वास्तु के अनुसार, नए साल 2023 के कैलेंडर को हमेशा घर के उत्तर, पश्चिम या पूर्वी दीवार पर लगाना सही माना जाता है। घर, ऑफिस या दुकान आदि जैसे स्थलों पर इन दिशाओं में नए साल का कैलेंडर लगाएंगे तो जीवन में तरक्की बनी रहती है और साल भर परेशानियां भी दूर रहती हैं। कभी भी दक्षिण दिशा की तरफ कैलेंडर नहीं लगाना चाहिए, ऐसा करने से मुखिया का स्वास्थ्य सही नहीं रहता है और यह उसकी प्रगति में बाधा बनता है। सूर्योदय की दिशा पूर्व है इसलिए अगर आप उगते हुए सूरज की तस्वीर वाला कैलेंडर पूर्व दिशा में लगाएंगे तो यह दिशा आपके लिए अच्छे अवसर लेकर आएगी और उन्नति का मार्ग भी प्रशस्त होता है। साथ ही पूर्व दिशा में लगाया कैलेंडर संतान के जीवन में भी प्रगति के द्वार खोलता है। कैलेंडर हमेशा ऐसा होना चाहिए, जिसकी पृष्ठों में उगता सूरज या खुशहाली से जुड़ा हुआ हो। कभी भी हिंसक जानवर, दुखी चेहरों की तस्वीरें आदि जैसी तस्वीर वाले कैलेंडर को नहीं लगाना चाहिए। यह घर में नेगेटिव एनर्जी लाते हैं, इसलिए ऐसे किसी कैलेंडर को घर में नहीं लगाना चाहिए। नए साल का कैलेंडर हरा, नीला सफेद, गुलाबी और लाल रंग का होना चाहिए।