रांची : नए साल में रांची से दरभंगा के बीच हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। एयरलाइंस कंपनियां इसके लिए सर्वे करा रही हैं। यात्रियों की संख्या के आधार पर फ्लाइट चलाने का निर्णय होगा। यदि सब कुछ ठीक रहा तो रांची टू दरभंगा फ्लाइट वाया पटना या देवघर शुरू हो सकती है। कोलकाता भी इससे जुड़ सकता है। इन शहरों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल इंडिगो और एलायंस एयर इसे अमल में ला सकती है। रांची से देवघर के बीच हवाई सेवा की घोषणा हो चुकी है, लेकिन सेवा अब तक शुरू नहीं हुई है। रांची से पटना के लिए पहले से ही फ्लाइट है। आमतौर पर इससे रोज सौ से 150 यात्री आवाजाही करते हैं। कोलकाता से भी रांची की उड़ान है, जबकि सेवा शुरू नहीं होने से देवघर-रांची के बीच यात्री उपलब्धता की जानकारी नहीं है। हालांकि दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्री उपलब्धता की संभावना बढ़ रही है। यहां से प्रतिदिन करीब 1,500 यात्री विभिन्न शहरों के लिए आवाजाही कर रहे हैं। रांची के सांसद संजय सेठ भी रांची से दरभंगा के लिए फ्लाइट चलाने की मांग करते रहे हैं।
नए साल में शुरू हो सकती है रांची-दरभंगा विमान सेवा, एयरलाइंस कंपनियां करा रहीं सर्वे