जोरहाट : जोरहाट की अग्रणी धार्मिक संस्था श्री श्याम मंडल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय श्री श्याम कार्तिक महोत्सव के तीसरे दिन आज मुख्य आकर्षण के रूप में विराट व रंगारंग निशान शोभायात्रा निकाली गई। सुबह 10.30 बजे नगर के श्री मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी प्रांगण से निकाली गई भव्य निशान यात्रा के दौरान श्याम भक्त हाथों में रंग-बिरंगे निशान थामे गाजे-बाजे व आकर्षक जीवंत झांकियों के साथ नगर के विभिन्न मार्गों की परिक्रमा करते हुए ठाकुरबाड़ी पहुंचे। इस दौरान भारी संख्या में महिलाओं व युवतियों ने भाग लिया। रंग-बिरंगे निशान के साथ ही कुछ विशेष झांकियां शोभायात्रा की गरिमा बढ़ा रही थी। भले ही तय समय से कुछ घंटे देरी से निशान शोभायात्रा रवाना हुई, लेकिन भक्तों के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आ रही है। लगभग आधा किलोमीटर लंबी इस निशान यात्रा में शामिल भक्त श्याम प्रभु के जयकारों से नगर को गूंजायमान कर रहे थे। निशान यात्रा के पश्चात श्याम भक्तों ने कतारबद्ध तरीके से श्री मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी में बने श्याम प्रभु के भव्य दरबार के आगे निशान अर्पण किया।
जोरहाट में तीन दिवसीय श्रीश्याम कार्तिक महोत्सव का सफल समापन
