बेलतला : चार दिवसीय छठ महापर्व 30 अक्तूबर को शुरू हो रहा है। इसमें महज चंद दिन शेष रह गए हैं। महानगर के विभिन्न घाटों की साफ-सफाई जारी है। हालांकि बारिश ने छठ पूजा समितियों की चिंता बढ़ा दी है। ब्रह्मपुत्र का जलस्तर बढ़ने से छठ घाट को लेकर समस्याएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में महपर्व को लेकर वशिष्ठ आश्रम स्थित वशिष्ठ गंगा नदी के दोनों किनारों की साफ सफाई की गई है। विदित है कि पिछले 3 वर्षों में कोरोना महामारी के चलते सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के कारण छठ व्रतधारियों को कई प्रकार से असुविधाओं का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार ऐसा कोई प्रतिबंध नहीं है जिसके कारण छठ पूजा करने वाले लोगों में बहुत ही उत्साह देखा जा रहा है। वशिष्ठ छठ पूजा सेवा समिति ने भी इस बार लोगों के उत्साह को देखते हुए जबर्दस्त तैयारी की है। 30 अक्तूबर को प्रथम अर्घ्य के दिन होने वाली भीड़ को देखते हुए लगभग एक किलोमीटर लंबा घाट बनाया गया है, जो वशिष्ठ गंगा नदी के दोनों तरफ होगा। वहीं सैकड़ों की संख्या में अस्थाई स्नानघर भी बनाया गया है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के लिए जहां पूरे रास्ते लाइट की व्यवस्था की गई है। वहीं व्रतधारियों की सेवा के लिए सैकड़ों की संख्या में समिति के सक्रिय सदस्य रहेंगे। वहीं समिति द्वारा मिली जानकारी के अनुसार वशिष्ठ आश्रम में 30 अक्तूबर को रात्रि जागरण का भी कार्यक्रम राख गया हैै, जहां गुवाहाटी के ख्यातिलब्ध कलाकारों द्वारा भजन गायन किया जाएगा।