इंफालः मणिपुर के इंफाल में पुलिस ने एक महिला को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला के पास से 142 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जो एक मादक पदार्थ तस्कर है। गिरफ्तार महिला की पहचान जरीना बेगम के रूप में हुई है। महिला के पास से बरामद हेरोइन को 10 साबुन के डिब्बों में पैक किया गया था। मणिपुर पुलिस के मुताबिक महिला पिछले दो महीने से इस अवैध ड्रग को बेचने में लगी हुई थी। वह टेंग्नोपाल जिले की एक महिला से ड्रग्स खरीदती थी और उसे मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में एक अन्य महिला को बेचती थी। गिरफ्तार महिला को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए मणिपुर के पोरोमपत पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।